रंगपंचमी पर दर्जनों गांवों ने खेली गैर, अरनेश्वर महादेव मंदिर में उड़ी गुलाल
Share
ढोल-नगाड़ों और चंग की थाप पर लोक संस्कृति का अनूठा संगम
बांसवाड़ा, 7 मार्च: जिले के तलवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के अरनिया गांव स्थित अरनेश्वर महादेव धुणी मंदिर में रंगपंचमी पर भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां दर्जनों गांवों से आए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक ‘गैर’ नृत्य कर उत्सव मनाया।
हर साल की तरह इस बार भी महंत गौतमानंद महाराज की मौजूदगी में दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होली मिलन और गैर नृत्य का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर ढोल-नगाड़ों और चंग की थाप से गूंज उठा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ कदमताल कर लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की।
महंत गौतमानंद महाराज ने उपस्थित जनसमूह को आशीर्वाद देते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के अंत में गढ़ भेदन की परंपरा भी निभाई गई।
