महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित शहरों में उदयपुर तीसरे स्थान पर
Share
उदयपुर, 8 मार्च: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध मैग्जीन फेमिना ने भारत के सोलो ट्रैवल डेस्टिनेशन की सूची जारी की है, जिसमें उदयपुर को देश का तीसरा सर्वश्रेष्ठ शहर बताया गया है। यह रैंकिंग दर्शाती है कि अकेली महिला पर्यटकों के लिए लेकसिटी सुरक्षित और पसंदीदा पर्यटन स्थल बनकर उभर रही है।
मैग्जीन के अनुसार उदयपुर सोलो ट्रैवलर्स के लिए बेहद आकर्षक है। यहां का ऐतिहासिक वैभव, झीलों का प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण पर्यटकों को खास अनुभव देता है। यहां आने वाले यात्री झीलों के सुंदर नजारे और राजस्थानी संस्कृति का आनंद ले सकते हैं।
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना के अनुसार उदयपुर को ‘जेंटल फर्स्ट-टाइम टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ की श्रेणी में शामिल किया गया है। यहां आने के बाद पर्यटकों का डर और आशंका खत्म हो जाती है और उन्हें आत्मीय माहौल मिलता है।
गौरतलब है कि 2022 में ट्रैवल ट्राइंगल की सूची में भी उदयपुर को सोलो फीमेल ट्रैवल डेस्टिनेशन में तीसरा स्थान मिला था। इस बार सूची में ऋषिकेश पहले, पांडिचेरी दूसरे, उदयपुर तीसरे, कूर्ग चौथे और मुन्नार पांचवें स्थान पर है।
