खाटूश्यामजी मंदिर से 8 लाख से अधिक की नकदी चोरी
Share
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे चार चोर
उदयपुर, 9 मार्च: जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फतहनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात खाटूश्यामजी मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर दानपात्र से लाखों रुपए पार कर लिए, वहीं सलूंबर जिले के कूण थाना इलाके में चोरों ने एक ही रात में चार मकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में रोष है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फतहनगर थाना क्षेत्र के मावली तहसील के लदाना स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में रविवार रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से करीब 8 लाख रुपए से अधिक की नकदी चोरी कर ली। मंदिर के पुजारी राहुल शर्मा सोमवार सुबह मंदिर पहुंचे तो गेट का ताला और दानपात्र टूटा हुआ मिला। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार चोर दिखाई दिए हैं। फुटेज में तीन चोर दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी को एक बोरे में भरते नजर आए, जबकि उनका एक साथी बाहर निगरानी करता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया और चोरी की राशि बरामद नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एक रात में चार मकानों के ताले टूटे
सलूंबर जिले के कूण थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने चार मकानों के ताले तोड़ दिए। हनुमान मंदिर क्षेत्र स्थित अजीत कुमार जैन के घर से करीब आठ तोला सोने के आभूषण, चांदी की ज्वैलरी, डेढ़ लाख रुपए नकद और कुछ दस्तावेज चोरी हो गए। परिवार दूसरे कमरे में सो रहा था और सुबह घटना का पता चला। चोरों ने कमलेश कुमार जैन, छोगालाल जुसोंत और शंकरलाल आमेटा के घरों के ताले भी तोड़े, लेकिन वहां से कुछ हाथ नहीं लगा। सूचना पर कूण थानाधिकारी निलेश कुमार मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
