LOADING

Type to search

झाड़ोल की जेल में जेलर और प्रहरियों ने कैदियों को पीटा

Local

झाड़ोल की जेल में जेलर और प्रहरियों ने कैदियों को पीटा

Share

जज के निर्देश पर दर्ज हुए तीन मुकदमे, निरीक्षण के दौरान कैदियों ने जज को दिखाए चोट के निशान, तीन मामलों में दर्ज हुई शिकायत
उदयपुर, 11 मार्च :
उदयपुर जिले के झाड़ोल उपकारागृह में कैदियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मंगलवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा के निरीक्षण के दौरान कैदियों ने जेलर और जेल प्रहरियों पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया। कैदियों ने अपने हाथ-पैर और पीठ पर पड़े घाव के निशान दिखाते हुए बताया कि उन्हें पट्टों से पीटा गया है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई शिकायतों के बाद एडीजे कुलदीप शर्मा ने तीन कैदियों से लिखित शिकायत ली और उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा। इसके आधार पर झाड़ोल थाने में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कैदियों का आरोप है कि जेलर करण गरासिया और जेल प्रहरी अक्सर उनके साथ मारपीट करते हैं।
जेल में मिली कई अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाओं में भी कई खामियां सामने आईं। कैदियों ने बताया कि कई बंदी बाहरी जिलों के हैं, लेकिन उनकी पेशी न तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई जा रही है और न ही उन्हें अदालत ले जाया जा रहा है, जिससे मामलों की सुनवाई में देरी हो रही है।
इसके अलावा बैरकों में लगे कई पंखे खराब पड़े हैं, जबकि कुछ बैरकों में पंखे ही नहीं हैं। कैदियों ने यह भी बताया कि पढ़ने के लिए अखबार या अन्य पठन सामग्री उपलब्ध नहीं है और पानी की टंकी में पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं होने से पीने के पानी की समस्या बनी रहती है। जेल की क्षमता 100 कैदियों की है, जबकि वर्तमान में यहां करीब 136 बंदी रखे गए हैं।
जेल प्रशासन ने दी सफाई
एडीजे कुलदीप शर्मा ने कहा कि कैदियों के साथ मारपीट गंभीर मामला है और इसकी रिपोर्ट जयपुर स्थित उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वहीं जेलर करण गरासिया ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कुछ कैदी आपस में झगड़ रहे थे, जिन्हें शांत करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया था। हालांकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *