LOADING

Type to search

एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 7 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया गलत खून चढ़ाने का आरोप

Local

एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 7 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया गलत खून चढ़ाने का आरोप

Share

उदयपुर, 25 फरवरी: संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल (एमबी) राजकीय अस्पताल के बाल चिकित्सालय में उपचार के दौरान एक सात वर्षीय बालिका की मृत्यु हो गई है। इस घटना के बाद परिजनों और समाजसेवियों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और गलत खून चढ़ाने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से नकारा है।
मृतका की पहचान भिंडर क्षेत्र के बावड़ी निवासी तारा के रूप में हुई है। तारा को गत गुरुवार की रात साढ़े 10 बजे गंभीर हालत में एमबी हॉस्पिटल लाया गया और बाल चिकित्सालय के आईसीयू में भर्ती किया गया। परिजनों के अनुसार बच्ची को निमोनिया बताया गया था। रात में इंजेक्शन के जरिए फेफड़े से पानी निकाला गया। इसके बाद खून की जरूरत बताई गई और रात करीब 10 बजे पिता को आश्वस्त किया गया कि खून मिल जाएगा।
परिजनों का आरोप है कि करीब 30% खून की बोतल चढ़ाने के बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई और पांच दिन तक भर्ती रहने के बाद उसकी मौत हो गई। बम्बोरा निवासी समाजसेवी देवीलाल पटेल और परिजनों ने डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बच्ची को गलत ग्रुप का खून चढ़ाया गया और उसकी देखभाल नहीं की। जबकि एमबी अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने कहा कि बच्ची को गंभीर हालत में लाया गया था। सांस लेने में दिक्कत के चलते उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। इधर, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संजय प्रकाश का कहना है कि मरीज का ब्लड ग्रुप ‘ओ पॉजिटिव’ था और उसे उसी ग्रुप का सही खून दिया गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *