LOADING

Type to search

जमीन विवाद में आधी रात खूनी संघर्ष, अधेड़ की मौत

Local

जमीन विवाद में आधी रात खूनी संघर्ष, अधेड़ की मौत

Share

एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल; छोटे भाई पर तलवार से हमला करने का आरोप
बांसवाड़ा, 11 दिसंबर:
बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के नागा खाली गांव में बुधवार देर रात जमीन विवाद एक भयावह खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़े भाई के परिवार पर तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें 54 वर्षीय कांजी पुत्र रामा की मौत हो गई। प्रधानमंत्री आवास के लिए दी गई जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों भाइयों में विवाद चल रहा था, जो बुधवार रात अचानक हिंसक हो गया।
घटना में कांजी के साथ उसके परिवार के तीन सदस्य—सावरीया पुत्र कांजी, बलदेव पुत्र कांजी और रीना पत्नी बलदेव—गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम चारों घायलों को छोटी सरवन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रात करीब 12 बजे उन्हें बांसवाड़ा महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान कांजी की हालत बिगड़ने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
MGH में भर्ती बाकी तीन घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरी चोटें हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी निगरानी लगातार की जा रही है और हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि जमीन को लेकर यह विवाद कई वर्षों से चल रहा था। बुधवार रात मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई और उसके साथियों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *