चलती रोडवेज बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
Share
तबीयत बिगड़ने पर रफ्तार धीमी कर सवारियों से भरी बस सुरक्षित रोकी, निजी अस्पताल में उपचार जारी
बांसवाड़ा, 6 जनवरी: बांसवाड़ा में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती रोडवेज बस के ड्राइवर को अचानक हार्ट अटैक आ गया। सीने में तेज दर्द के बावजूद ड्राइवर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस की रफ्तार धीमी की और यात्रियों से भरी बस को सड़क किनारे सुरक्षित रोक दिया।
घटना शहर के रतलाम रोड पर सुबह करीब 9:30 बजे की है। बांसवाड़ा डिपो की रोडवेज बस यात्रियों को लेकर मध्यप्रदेश के रतलाम के लिए रवाना हुई थी। बस शहर से लगभग 500 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि ड्राइवर नवाज बेग को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं यात्रियों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अटैक के बावजूद ड्राइवर ने स्टेयरिंग पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने बस की गति धीरे-धीरे कम की और सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी कर दी। यदि ड्राइवर नियंत्रण खो देता, तो बस अनियंत्रित होकर बड़ा हादसा कर सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज अधिकारियों ने ड्राइवर को महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। रोडवेज प्रबंधक मनीष जोशी ने बताया कि फिलहाल ड्राइवर का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद रोडवेज प्रबंधन ने तुरंत दूसरा ड्राइवर मौके पर भेजा और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रूप से रतलाम के लिए रवाना किया।
