उदयपुर में सज्जनगढ़ सेंचुरी के पास तेंदुए ने खेत में सोए किसान को बनाया शिकार
Share
500 मीटर घसीटकर ले गया, शरीर के कई हिस्से खा गया, पैर अलग पड़ा मिला
उदयपुर, 28 फरवरी: शहर से सटी बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना में तेंदुए ने किसान पर हमला कर उसे करीब 500 मीटर तक घसीट लिया। शनिवार सुबह किसान का क्षत-विक्षत शव खेत में मिला। शव का एक पैर अलग पड़ा था, जबकि कुएं के पास उसके कपड़े मिले।
घटना सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के पास स्थित खेत की है। मृतक की पहचान बाबूलाल (42) पुत्र रूप लाल गमेती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाबूलाल शुक्रवार रात गेहूं की फसल में पानी देने के बाद कुएं के पास बने कमरे की छत पर सो गया था। देर रात तेंदुआ छत पर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। वह किसान को नीचे गिराकर करीब 500 मीटर दूर खेत में ले गया। शनिवार सुबह ग्रामीण थावरचंद मोटर चलाने कुएं पर पहुंचा तो उसे खून फैला दिखा। शक होने पर वह खून के निशानों का पीछा करते हुए आगे बढ़ा, जहां खेत में बाबूलाल का शव पड़ा मिला। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
गांव के वार्ड पंच अजय सिंह देवड़ा ने बताया कि तेंदुए ने शव को बुरी तरह नोच खाया था और शरीर के कई हिस्से खा गया। दृश्य देखकर ग्रामीण सहम गए। सूचना मिलते ही सज्जनगढ़ सेंचुरी से रेंजर सीताराम मीणा और उदयपुर पूर्व से रेंजर तेज सिंह राणावत मौके पर पहुंचे। वहीं बड़गांव पुलिस थाना की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही की सूचना दी गई थी, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पिछले साल आठ लोगों का शिकार कर चुका तेंदुआ
गौरतलब है कि उदयपुर जिले के गोगुंदा और करीबी इलाके में एक साल पहले तेंदुए ने आठ लोगों का शिकार किया और करीब चार माह के दशहत के बाद पुलिस के जवानों ने कथित नरभक्षी तेंदुए को गोली मार दी थी।
