चलती ट्रेन पर बदमाश ने फैंका पत्थर, महिला यात्री को लगी चोट
Share
रेलवे सुरक्षा बल ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
उदयपुर, 5 फरवरी: शहर के राणा प्रतापनगर और देबारी के बीच गुरुवार सुबह एक बदमाश ने चलती ट्रेन पर पथराव कर दिया। जिसमें एक महिला यात्री घायल हो गई। जिसे यहां एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
आरपीएफ उदयपुर सिटी के निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना उदयपुर सिटी-मदार यात्री ट्रेन की है, जब वह राणा प्रतापनगर के आगे झरनों की सराय के यहां पहुंची थी। इसी दौरान किसी बदमाश ने पथराव किया। जिसमें सामान्य कोच में बैठी यात्री फतहनगर निवासी शम्भूल शेख (22) को पत्थर लगा और उसके चश्मे का कांच टूटकर आंख के नीचे चोट आईं। सहयात्री ने ट्रेन की चेन खींची तब कोच में बैठे अन्य यात्री और आरपीएफ के जवानों ने हमलावर की तलाश की, जो झाड़ियों से होकर गुल हो गया। घायल महिला को देबारी रेलवे स्टेशन पर उतारने के बाद एम्बुलेंस के जरिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। राठौड़ के मुताबिक अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। रेलवे राष्ट्रीय संपत्ति है। रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत घूमना, रेलगाड़ी पर पथराव, रेलवे ट्रैक पर पत्थर, सरिए रखना आदि जमानतीय अपराध हैं। इधर, देबारी के निवर्तमान उप सरपंच चंदन सिंह देवड़ा का कहना है कि पहले भी ट्रेन पर पथराव की इसी तरह दो—तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
