LOADING

Type to search

बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर चलती बस बनी आग का गोला

Local

बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर चलती बस बनी आग का गोला

Share

शॉर्ट सर्किट से स्लीपर कोच में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उदयपुर, 1 मार्च:
बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती स्लीपर कोच बस अचानक आग का गोला बन गई। सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में गरड़ा गांव के पास सुबह करीब 6 बजे हुए इस हादसे में पूरी बस चंद मिनटों में जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि समय रहते चालक और यात्रियों ने नीचे उतरकर अपनी जान बचा ली।
इंजन से उठा धुआं, देखते ही देखते भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस बांसवाड़ा से उदयपुर की ओर जा रही थी। अचानक इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोका। जब तक स्थिति समझ में आती, आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। बस में कुल 5 यात्री सवार थे, जो सुरक्षित बाहर निकल गए।


दमकल की मशक्कत, लोहे का ढांचा बचा
सूचना मिलते ही झल्लारा थाना अधिकारी जय किशन फुलवारिया टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों ओर से यातायात रोक दिया। सलूंबर से पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और केवल लोहे का ढांचा बचा था। यह बस आशापुरा ट्रैवल्स की ‘मुल्तानी सोना’ स्लीपर कोच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में इंजन में शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस तकनीकी जांच कर रही है। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *