उदयपुर में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत
Share
उछलकर 20 फीट दूर गिरे, सिर फटने से घटना स्थल पर ही मौत
उदयपुर, 28 दिसंबर: उदयपुर के बागपुरा-झाड़ोल मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा। गिरते ही युवक का सिर फट गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के समय युवक हेलमेट नहीं पहन रहा था, जिसके चलते उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने मृतक की पहचान 22 वर्षीय सिलास, पुत्र खेमा डामोर, निवासी मकदादेव, बागपुरा के रूप में की है। बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। हादसे के कारण बागपुरा-झाड़ोल मार्ग पर करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर पुनः यातायात सुचारू किया। घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
