खड़े ट्रेलर में जा घुसा टेंपो ट्रेवलर, 15 की दर्दनाक मौत
Share
कोलायत दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु; 4 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल, घायलों को ग्रीन कॉरिडोर से जोधपुर पहुंचाया गया
जोधपुर, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): राजस्थान के फलोदी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा गांव के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब टेंपो ट्रेवलर एक खड़े ट्रेलर से जा टकराया। मृतकों में 4 बच्चे, 10 महिलाएं और ड्राइवर शामिल हैं। सभी श्रद्धालु देवउठनी एकादशी पर कोलायत स्थित कपिल मुनि आश्रम में दर्शन कर जोधपुर लौट रहे थे।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी महिपाल सारण ने बताया कि हादसा भारतमाला हाईवे पर हुआ, जहां सड़क किनारे छोटे ढाबे बने हुए हैं। ट्रेलर ढाबे के आगे खड़ा था। तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर अपनी लेन में चल रहा था और तीसरी लेन से आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में खड़े ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों और पुलिस ने बचाव में दिखाई तत्परता
मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम के अनुसार हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। टेंपो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया और वहां से जोधपुर रेफर किया गया। दो गंभीर घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर मथुरादास माथुर अस्पताल (एमडीएम) भेजा गया।
अस्पताल में मचा कोहराम, पहुंचे नेता और अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही राजनीतिक दलों के नेता, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और परिजन अस्पताल पहुंच गए। घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा — “फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रशासन को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”
पोस्टमॉर्टम आज जोधपुर में होगा
ओसियां उप जिला अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रदीप सिंह चौधरी ने बताया कि सभी शवों को जोधपुर के एमडीएम और महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया है, जहां रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम होगा।
मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
