भीलवाड़ा में वांटेड बदमाश और पुलिस में मुठभेड़
Share
टास्क फोर्स इंचार्ज की जैकेट में लगी गोली, जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली
भीलवाड़ा, 25 जनवरी: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में रविवार शाम पुलिस और वांटेड बदमाश के बीच सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। पुर थाना क्षेत्र के हाथीभाटा आश्रम इलाके में हुई इस मुठभेड़ में बदमाश की गोली एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
नाकाबंदी तोड़कर की फायरिंग
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जयपुर में फायरिंग सहित कई संगीन मामलों में वांटेड आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू भीलवाड़ा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। शाम करीब 5 बजे मांडल की ओर से आ रही एक ग्लैंजा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार नहीं रुकी। कुछ दूरी पर कार रोकते ही बदमाश ने उतरकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
टास्क फोर्स इंचार्ज बाल-बाल बचे
बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स इंचार्ज कालूराम धायल की डीपी जैकेट में लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली जितेंद्र उर्फ जीतू के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसके साथ मौजूद साथी संदीप को भी गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और कार जब्त की है। घायल जितेंद्र को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसपी का सख्त संदेश
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर फायरिंग करेगा तो उसका जवाब उसी अंदाज में दिया जाएगा। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर जयपुर फायरिंग कांड से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है।
