इतिहास की झलक लेने चित्तौड़गढ़ पहुंचीं एक्ट्रेस मंदाकिनी
Share
पद्मिनी महल में दिखाई गहरी रुचि, 20 मिनट तक दुर्ग में रहीं
चित्तौड़गढ़, 10 जनवरी: बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री मंदाकिनी शनिवार दोपहर चित्तौड़गढ़ पहुंचीं। अल्प प्रवास के बावजूद उनका यह दौरा ऐतिहासिक दृष्टि से खास रहा। चित्तौड़ दुर्ग पहुंचते ही उन्होंने मंशा जताई कि वे केवल दुर्ग स्थित ऐतिहासिक पद्मिनी महल का भ्रमण करना चाहती हैं। उनकी इस इच्छा का सम्मान करते हुए प्रशासन एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने उन्हें सीधे पद्मिनी महल ले जाकर रानी पद्मिनी से जुड़े गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।
पद्मिनी महल पहुंचकर मंदाकिनी ने रानी पद्मिनी के जीवन, शौर्य, स्वाभिमान और बलिदान से जुड़ी ऐतिहासिक गाथाओं को बड़े ध्यान से सुना। उन्होंने महल परिसर का शांत वातावरण, स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत को निहारा। भ्रमण के दौरान वे बार-बार इतिहास से जुड़े सवाल पूछती नजर आईं, जिससे उनकी गहरी रुचि स्पष्ट हुई।
मंदाकिनी ने कहा कि वे लंबे समय से चित्तौड़गढ़ और रानी पद्मिनी के बारे में सुनती आ रही हैं, लेकिन कई बार इतिहास को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब सही इतिहास सामने आ रहा है और लोगों को वास्तविक तथ्यों से अवगत कराया जा रहा है, जो अत्यंत आवश्यक है।
अपने सीमित समय के दौरान उन्होंने पद्मिनी महल के जल महल को दूर से देखा और आसपास के उद्यानों की सुंदरता की भी सराहना की। समयाभाव के चलते वे करीब 20 मिनट ही दुर्ग परिसर में रुक सकीं, जिसके बाद उदयपुर के लिए रवाना हो गईं।
एक्ट्रेस के चित्तौड़गढ़ आगमन की सूचना मिलते ही पद्मिनी महल एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने पहुंचे, हालांकि उन्होंने ज्यादा सार्वजनिक बातचीत नहीं की। उनके दौरे के दौरान पूर्व पार्षद अशोक वैष्णव, विजय चौहान सहित कांग्रेस के अन्य पार्षद मौजूद रहे। सभी ने उनका स्वागत कर चित्तौड़ दुर्ग का स्मृति चिह्न भेंट किया।
