सांवरा सेठ को अग्निवीर ने चढ़ाई चांदी की AK-47 राइफल
Share
भर्ती में चयन पर पूरी की मन्नत, 327 ग्राम चांदी से बनी विशेष भेंट
चित्तौड़गढ़, 5 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): सांवलिया सेठ मंदिर में शनिवार को एक अनोखी भेंट चढ़ाई गई। उदयपुर जिले के मेनार गांव निवासी अग्निवीर अजय मेनारिया ने भगवान सांवरा सेठ को 327 ग्राम चांदी से बनी डिजाइनर AK-47 राइफल भेंट की।
अजय ने बताया कि उन्होंने अप्रैल 2023 में अग्निवीर भर्ती परीक्षा दी थी और परीक्षा से पहले सांवरा सेठ से मन्नत मांगी थी कि चयन होने पर विशेष भेंट चढ़ाएंगे। जुलाई 2023 में उनका सिलेक्शन हुआ, सितंबर में मेरिट जारी हुई और नवंबर से ट्रेनिंग शुरू होकर जून 2024 में पूरी हुई। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग दिल्ली में है।
उन्होंने कहा, “सांवरा सेठ के आशीर्वाद से मेरी मनोकामना पूरी हुई। इसलिए छुट्टी मिलते ही सबसे पहले दरबार में वचन निभाने आया हूं।” अजय अपने परिवार और दोस्तों तरण मेनारिया व भरत मेनारिया के साथ शुक्रवार को मंदिर पहुंचे और भगवान को रजत निर्मित राइफल अर्पित की।
