अजयराज हत्याकांड: तीन और मददगार गिरफ्तार, अब तक 28 आरोपी पकड़े
Share
मुख्य आरोपी भैरू गुर्जर फरार, फरारी में इस्तेमाल गाड़ियां जब्त
चित्तौड़गढ़, 4 मार्च: उदयपुर-कोटा फोरलेन स्थित विकास होटल में 1 जून 2025 को हुए चर्चित अजयराज हत्याकांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मुख्य फरार आरोपी भैरू गुर्जर की फरारी में मददगार बने थे। अब तक इस मामले में कुल 28 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। जांच में सामने आया कि लादूलाल गुर्जर और किशनलाल गुर्जर (थाना गंगरार) तथा कैलाश चंद्र जाट (रूपाहेली, भीलवाड़ा) ने भैरू गुर्जर को शरण दी और भागने में सहयोग किया। तीनों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने फरारी में इस्तेमाल स्विफ्ट, बोलेरो और वेन्यू कार भी जब्त कर ली हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 1 जून की रात सेमलपुरा स्थित विकास होटल पर अंधाधुंध फायरिंग में अजयराज सिंह की मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने दो गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। मुख्य आरोपी भैरू गुर्जर की तलाश में विशेष टीम गठित है।
