अजयराज मर्डर केस: दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 24 की गिरफ्तारी
Share
सेमलपुरा फायरिंग कांड
चित्तौड़गढ़, 16 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): उदयपुर–कोटा फोरलेन पर स्थित सेमलपुरा के एक होटल में 1 जून की रात हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस प्रकार इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में अब तक कुल 24 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इस घटना में मोड़ जी का मिन्नाणा निवासी अजयराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के दिन रात करीब 10.30 बजे अजयराज सिंह अपने साथियों के साथ विकास होटल की छत पर बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी मनोज चौधरी ने होटल के आसपास घूमकर रेकी की और अजयराज की लोकेशन मुख्य आरोपी हरिओम सिंह उर्फ ईश्वर सिंह को भेजी। जानकारी मिलते ही हरिओम सिंह तीन गाड़ियों में 15 से ज्यादा साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सभी ने अजयराज व उसके साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल अजयराज की मौत हो गई।
वारदात अंजाम देने के बाद हमलावरों ने अजयराज की डस्टर और बोलेनो कार में तोड़फोड़ कर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की रिपोर्ट ओमप्रकाश शर्मा ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने विशेष जांच टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
रविवार को कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी सदर चित्तौड़गढ़ निरंजन प्रताप सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गंगरार क्षेत्र से दो और आरोपियों—ऋषिराज सिंह उर्फ के.पी. और मदनलाल गुर्जर उर्फ काना गुर्जर—को गिरफ्तार किया। दोनों घटना के दौरान मौजूद थे और उनसे महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि वारदात में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे, इसलिए आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह, राजपाल सिंह, मनोज चौधरी, बद्री जाट सहित 24 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
