LOADING

Type to search

इजरायल–ईरान तनाव के बीच दुबई में फंसे भारतीयों की गुहार

Local

इजरायल–ईरान तनाव के बीच दुबई में फंसे भारतीयों की गुहार

Share

उदयपुर के युवक ने जारी किया वीडियो, फ्लाइट रद्द होने से दहशत; इजरायल में भारतीय बंकरों में शरण लेने को मजबूर
सुभाष शर्मा, उदयपुर, 4 मार्च :
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल और ईरान के बीच छिड़े संघर्ष का असर खाड़ी देशों तक महसूस किया जा रहा है। हालात बिगड़ने से दुबई में सैकड़ों भारतीयों के फंसने की खबर सामने आई हैं। उड़ानें रद्द होने और सुरक्षा आशंकाओं के कारण लोग भय के साये में जी रहे हैं। इनमें उदयपुर के यशवंत कुमावत भी शामिल हैं, जिन्होंने वीडियो जारी कर भारत सरकार से सुरक्षित स्वदेश वापसी की अपील की है।
यशवंत ने बताया कि उनका 28 फरवरी का टिकट एयर इंडिया की फ्लाइट से भारत लौटने का था, लेकिन अचानक युद्ध जैसे हालात बनने के बाद उड़ानें लगातार रद्द होती रहीं। 4 मार्च की फ्लाइट भी निरस्त हो गई। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता और हमलों की खबरों के बीच लगातार खौफ का माहौल बना हुआ है।
इधर, इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों को एहतियातन बंकरों में शरण लेने की सलाह दी गई है। वहां हर आधे घंटे सायरन बजने पर लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते हैं। स्थानीय व्यवस्था के तहत अधिकांश मकानों में बंकर बने होने से जानमाल का जोखिम अपेक्षाकृत कम बताया जा रहा है। इजरायल के विश्वविद्यालय से शोध कर रही उदयपुर की छात्रा जया शर्मा ने बताया कि यहां अध्ययनरत भारतीय व अन्य विदेशी छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज और प्रमाणपत्र हर समय साथ रखें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत बंकर में जा सकें। स्थिति को लेकर प्रवासी भारतीयों में चिंता व्याप्त है। परिजनों की निगाहें केंद्र सरकार के संभावित राहत और निकासी अभियान पर टिकी हैं। फिलहाल भारतीय दूतावास की ओर से परामर्श जारी किए जा रहे हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *