विवादों के बीच सागवाड़ा नगरपालिका भवन का भूमि पूजन
Share
भाजपा समर्थित कई पार्षद रहे नदारद, विधायक ने बताया नगर विकास की अहम कड़ी
डूंगरपुर, 25 जनवरी : डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा में प्रस्तावित नए नगरपालिका भवन का भूमि पूजन रविवार को सियासी विवादों के बीच संपन्न हुआ। राष्ट्र संत पुलकसागर महाराज ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ नारियल फोड़कर भूमि पूजन कराया। हालांकि, कार्यक्रम में भाजपा समर्थित कई पार्षदों की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज कर दीं।
सागवाड़ा विधायक शंकर डेचा ने भूमि पूजन को नगर के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि सागवाड़ा में लंबे समय से नए नगरपालिका भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है। डेचा ने नाराज कार्यकर्ताओं और पार्षदों से संवाद कर उन्हें समझाने की बात भी कही। भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक शंकर डेचा के साथ पूर्व सांसद कनकमल कटारा और भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने आरती उतारकर कार्यक्रम में भाग लिया।
विधायक डेचा ने बताया कि कुछ भाजपा पार्षद पुराने स्थल पर ही भवन निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन नए स्थल पर 35 बीघा जमीन उपलब्ध होने के कारण यहां भवन बनाना अधिक उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के आसपास नगर के कई बड़े विकास प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं, जिससे सागवाड़ा के समग्र विकास को गति मिलेगी।
पार्षदों का विरोध, कांग्रेस भी दूर रही
भवन निर्माण को लेकर भाजपा के ही कई पार्षद नई जमीन के चयन से असहमत हैं और इसी कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। वहीं, कांग्रेस ने भी भूमि पूजन कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। विरोधी पार्षदों का आरोप है कि नगर निकाय चुनाव के दौरान भाजपा ने इसी जमीन पर भवन निर्माण का विरोध किया था, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद उसी जमीन पर निर्माण किया जा रहा है, जिससे असंतोष बढ़ा है।
