आद्याशक्ति की आराधना के बीच 26 को गूंजेगी दिवेर विजय दिवस की हुंकार
Share
उदयपुर, 22 सितम्बर: प्रताप गौरव केन्द्र राष्ट्रीय तीर्थ में शुक्रवार को दिवेर विजय दिवस के अवसर पर आयोजित आमसभा में मां आद्याशक्ति की आराधना के साथ वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के शौर्य की याद ताजा की जाएगी।
इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रखर वक्ता हुकुमचंद सांवला अपने ओजस्वी उद्बोधन से सभा को प्रेरित करेंगे। उदयपुर जिले के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, अध्यक्षता महाराणा प्रताप समिति अध्यक्ष प्रो. भगवतीप्रकाश शर्मा करेंगे।
प्रताप गौरव केन्द्र निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि इस वर्ष हल्दीघाटी विजय की सार्द्ध चतु:शती वर्ष मनाई जा रही है। पिछले आयोजनों की श्रृंखला में दिवेर विजय दिवस सभा का आयोजन किया जा रहा है।
इसे लेकर सभा की तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें दिवेर विजय के ऐतिहासिक महत्व, व्यवस्थाओं और आयोजन को वृहद रूप देने पर चर्चा हुई। बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य और शोध केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे।
