अब झाड़ोल में स्कूल की छत से गिरा प्लास्टर, हादसा टला
-ग्रामीणों में आक्रोश, स्कूल भवन की मरम्मत की मांग तेज
उदयपुर। 1 अगस्त
उदयपुर जिले में झाडोल उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उपरेडा में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। स्कूल समय के दौरान बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया। सौभाग्य से उस समय वहां कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आक्रोशित ग्रामीण स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
जानकारी के अनुसार जिस बरामदे में प्लास्टर गिरा, वहां पहले बच्चे बैठते थे, लेकिन भवन की जर्जर हालत के चलते पिछले कुछ समय से उस हिस्से का उपयोग नहीं किया जा रहा था। बावजूद इसके, किसी तरह की मरम्मत नहीं की गई। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस विषय में कई बार शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष लोकेश डामोर ने भी स्कूल भवन की मरम्मत की मांग दोहराई है। उन्होंने बताया कि इस जर्जर भवन की स्थिति की जानकारी पूर्व में भी उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है।
स्कूल स्टाफ का कहना है कि विभागीय निर्देशानुसार इस खंड का उपयोग पहले से ही बंद कर दिया गया था और उस हिस्से में बच्चों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा था। फिर भी प्लास्टर गिरने की घटना ने भवन की जर्जरता और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।