बोले- “अब आसान काम भी मुश्किल लगते हैं”
मुंबई | 19 अगस्त
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (82) ने हाल ही में अपने ब्लॉग में उम्र के साथ आने वाली शारीरिक चुनौतियों के बारे में खुलकर बात की है। फिट और एक्टिव दिखने वाले बिग बी ने बताया कि जो काम पहले आसानी से हो जाते थे, अब उन्हें करने में मुश्किल हो रही है।
दैनिक जीवन में बदलाव
रविवार को अपने फैंस से मिलने के बाद, अमिताभ बच्चन ने लिखा कि अब उनका शेड्यूल काम के साथ-साथ दवाइयों और व्यायाम पर भी निर्भर करता है। उन्होंने कहा, “शरीर धीरे-धीरे अपना संतुलन खोने लगता है। इसे रोकने और सुधारने के लिए इस पर काम करना ज़रूरी है।” वे नियमित रूप से योग, साँस लेने के व्यायाम और मोबिलिटी ट्रेनिंग करते हैं ताकि स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत न हो।
साधारण कामों में भी दिक्कत
बिग बी ने बताया कि अब पैंट पहनने जैसे साधारण काम भी चुनौती बन गए हैं। उनके डॉक्टर ने उन्हें सलाह दी है कि पैंट पहनते समय खड़े होने के बजाय बैठ जाएँ, ताकि संतुलन न बिगड़े और गिरने का खतरा न हो। उन्होंने लिखा, “पहले जो काम सामान्य थे, अब उन्हें करने से पहले दिमाग को सोचना पड़ता है।” उन्होंने यह भी बताया कि नीचे झुके हुए कागज़ को उठाने में भी काफ़ी दिक्कत होती है।
उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, “हो सकता है कि इसको पढ़कर आप हँसोगे और आपको ये ना झेलना पड़े, लेकिन ऐसा सभी के साथ होकर रहेगा।”
आने वाले प्रोजेक्ट्स
काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही रिभु दासगुप्ता की फिल्म ‘सेक्शन 84’ में डायना पेंटी, निमरत कौर और अभिषेक बनर्जी के साथ नज़र आएँगे। इसके अलावा, वह नाग अश्विन की साई-फाई एक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल में भी अश्वत्थामा की अपनी भूमिका को दोहराएँगे। इस सीक्वल पर काम इसी साल दिसंबर में शुरू होगा, जिसमें प्रभास, कमल हासन और दीपिका पादुकोण भी हैं।