बांसवाड़ा, 2 फरवरी : बांसवाड़ा जिला मुख्यालय के खांदू कॉलोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में तार की बाउंड्री बनाने के नाम पर हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पेड़ काटने से पूर्व तहसीलदार अथवा किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति तक नहीं ली गई। खुलेआम पेड़ काटे जाने के बावजूद प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अधिकारी अनभिज्ञता जताते नजर आए।
जानकारी के अनुसार सीएचसी भवन के आगामी असेसमेंट को देखते हुए रंग-रोगन और प्रवेश द्वार पर तारबंदी का कार्य किया जा रहा था। इसी आड़ में न केवल परिसर के भीतर, बल्कि बाउंड्री के बाहर लगे पेड़ों को भी काट दिया गया।
मामले में प्रभारी चिकित्सक हरीश कटारा ने पहले ठेकेदार पर जिम्मेदारी डाली, फिर पेड़ कटने को लेकर गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया। वहीं सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने जानकारी से इनकार किया। तहसीलदार हरिनारायण सोनी ने भी स्पष्ट किया कि उनके कार्यालय से कोई अनुमति जारी नहीं की गई।