उदयपुर में युवक की चाकू से हत्या, आठ नामजद

Share

उदयपुर। 13 अगस्त
पाटिया थाना क्षेत्र के माली फला उकेड़ी में गत रात 24 वर्षीय नवीन बघोरा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वह एक साथी के साथ बाजार से लौट रहा था, तभी गांव के ही हमलावरों ने गाड़ी रोककर सीने व सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात से पहले आरोपियों ने शराब पार्टी की थी। घटना के बाद परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल की मोर्च्युरी के बाहर जमा होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया।
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक अहमदाबाद में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का सामने आया है, जबकि स्पष्ट कारण गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएंगे।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।