भारत पर 50% टैरिफ लगाने के बाद रिश्तों में खिंचाव, मोदी-पुतिन-जिनपिंग की फोटो साझा की
वॉशिंगटन डीसी: 5 सितम्बर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि भारत और रूस अब चीन के नजदीक पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प ने लिखा- “ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। उम्मीद है उनका भविष्य अच्छा होगा।”
ट्रम्प ने अपनी पोस्ट के साथ 2017 के ब्रिक्स समिट (शियामेन, चीन) की वह तस्वीर भी साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग साथ नजर आ रहे हैं।
भारत पर 50% टैरिफ का असर
ट्रम्प ने हाल ही में भारत से आने वाले निर्यात पर कुल 50% टैरिफ लगा दिया है। उनका दावा है कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर बाजार में बेच रहा है, जिससे यूक्रेन युद्ध लंबा खिंच रहा है। इसी वजह से उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील करते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ युद्ध खत्म करने के लिए “जरूरी” हैं।
हालांकि अमेरिकी अपील कोर्ट ने पहले ट्रम्प के टैरिफ को गैरकानूनी बताया था और कहा था कि 1977 का इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) उन्हें असीमित अधिकार नहीं देता। इसके बावजूद ट्रम्प ने फैसला सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
भारत-अमेरिका रिश्तों पर छाया तनाव
ट्रम्प का कहना है कि भारत, चीन और ब्राजील जैसे देश ऊंचे टैरिफ लगाकर अमेरिका को “मार रहे हैं”। उन्होंने दावा किया कि अब भारत 0% टैरिफ का ऑफर दे रहा है, लेकिन देर हो चुकी है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि बढ़ते टैरिफ विवाद से भारत-अमेरिका रिश्तों में खटास बढ़ सकती है और इसका असर वैश्विक व्यापार व कूटनीतिक समीकरणों पर भी पड़ेगा।