उदयपुर। 6 सितम्बर
डूंगरपुर जिले में लगातार हो रही तेज बरसात से नदी-नाले और तालाब उफान पर हैं। शनिवार को धम्बोला क्षेत्र के खांडिया किशनपुरा पुलिया पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर हरिशंकर श्रीवास्तव की कार पानी के तेज बहाव में बह गई।
जानकारी के अनुसार श्रीवास्तव बैंक जाने के लिए कार लेकर निकले थे। खांडिया किशनपुरा पुलिया पर पानी बह रहा था, लेकिन जल्दबाजी में उन्होंने कार पुलिया पर उतार दी। तेज बहाव में कार बहने लगी और पुलिया के साइड में लगे सेफ्टी पिलर से टकराकर रुक गई। इससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान कार बहते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत ट्रैक्टर मंगवाकर कड़ी मशक्कत से कार और मैनेजर को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा नुकसान टल सका।
उधर, डूंगरपुर जिले में लगातार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के चलते जनजीवन प्रभावित है। जगह-जगह पुलिया और रास्तों पर पानी आने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डूंगरपुर में पुलिया पर बह गई बैंक मैनेजर की कार, ग्रामीणों ने बचाई जान
A 25 kg garland was put on the pilot using a crane