थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद में युद्धविराम

Share

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद में युद्धविराम
चीन-अमेरिका की मध्यस्थता सफल, कुआलालंपुर में हुई शांति वार्ता

बैंकॉक। 28 जुलाई
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद के चलते जारी संघर्ष के बीच कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने सोमवार को युद्धविराम की घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होगा और आम नागरिकों की जान बचेगी।
सीजफायर में चीन और अमेरिका की अहम भूमिका रही। दोनों देशों के बीच मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में शांति वार्ता हुई, जिसकी अध्यक्षता मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने की। इसमें थाईलैंड की ओर से कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई और कंबोडिया की ओर से प्रधानमंत्री मानेट शामिल हुए।
बीते दिनों सीमा पर भारी गोलीबारी में 33 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश आम नागरिक थे। ASEAN की वर्तमान अध्यक्षता कर रहा मलेशिया इस वार्ता का सूत्रधार बना।
ट्रम्प का दावा:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा कि यह संघर्ष रोकना उनके लिए आसान था, जैसा उन्होंने पहले भारत-पाक विवाद में किया था। उन्होंने दोनों देशों को चेताया था कि अगर युद्ध नहीं रुका तो अमेरिका व्यापारिक समझौते रद्द कर देगा। ट्रम्प ने दावा किया कि उनके हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष तुरंत वार्ता को तैयार हुए।