21 अगस्त को दाखिल करेंगे नामांकन, 9 सितंबर को होगा चुनाव
नई दिल्ली, 17 अगस्त: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को NDA ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। रविवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई संसदीय दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि राधाकृष्णन 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी।
सीपी राधाकृष्णन का जन्म 4 मई 1957 को तिरुपुर, तमिलनाडु में हुआ था। वे 16 साल की उम्र में ही RSS से जुड़ गए थे। 1998 और 1999 में कोयंबटूर से सांसद रहे। 2004 से 2007 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहे। 2023 में झारखंड के राज्यपाल बने और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 782 सदस्य शामिल हैं। जीत के लिए 391 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 21 अगस्त और नाम वापसी की तिथि 25 अगस्त है।
दरअसल, जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक शेष था।