मोदी बोले, ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में तबाही, DGMO ने खुद रोका हमला
यह भी कहा, अब और मार झेलने की ताकत नहीं
नई दिल्ली। 29 जुलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “दुनिया में किसी भी नेता ने हमें कार्रवाई से नहीं रोका। पाकिस्तान के DGMO ने भारत से हमला रोकने की गुहार लगाई कि अब और ज्यादा मार झेलने की ताकत नहीं रही।”
प्रधानमंत्री ने करीब 1 घंटे 40 मिनट का भाषण दिया और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का नाम लिए बिना कहा कि दुनिया ने पहली बार भारत को खुलकर कार्रवाई करते देखा। उन्होंने बताया कि भारत ने बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। “पाकिस्तान के एयरबेस ICU में हैं। हमने आतंक के अड्डों को धुआं-धुआं कर दिया।”
मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। अगर पाकिस्तान फिर दुस्साहस करता है तो करारा जवाब मिलेगा।”
भाषण की 6 प्रमुख बातें:
पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने तबाह, एयरबेस ICU में।
सिंदूर से सिंधु तक कार्रवाई, भारत की सैन्य नीति स्पष्ट।
DGMO की गुहार, भारत ने लक्ष्य पूरा कर हमला रोका।
अभिनंदन की वापसी, विपक्ष के आरोपों का डंके की चोट पर जवाब।
कांग्रेस पर हमला, नेहरू को घेरते हुए सिंधु जल समझौते की आलोचना।
PoK पर सवाल, पूछा- किसकी सरकार ने कब्जा करने दिया?
शाह का बयान
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि 28 जुलाई को ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम हमले के सभी आतंकी मारे गए। शाह बोले, “हमने आतंकियों को 3 महीने तक ट्रैक किया, उनके पास पाकिस्तानी वोटर ID और चॉकलेट मिले थे।”
इस पूरे सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे से ज्यादा बहस चली। इससे पहले राहुल गांधी ने 36 मिनट का भाषण दिया और प्रधानमंत्री को चुनौती दी कि “अगर दम है तो कहें कि मैं झूठ बोल रहा हूं।”