राज्यपाल की स्कूली बच्चों को सीख: कठिनाइयों में भी स्कूल जाना न छोड़ें

Share

राज्यपाल की स्कूली बच्चों को सीख: कठिनाइयों में भी स्कूल जाना न छोड़ें
आदिवासी छात्रों और ग्रामीणों से संवाद, योजनाओं की पहुंच पर फीडबैक लिया

सुभाष शर्मा

उदयपुर। 31 जुलाई
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने उदयपुर जिले के जनजाति बहुल कोटड़ा ब्लॉक के दौरे के दौरान बच्चों और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा, “कितनी भी मुश्किलें आएं, स्कूल जाना कभी न छोड़ें। शिक्षा से ही समाज का उत्थान संभव है।”
बागड़े ने बताया कि कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने गांव में जाकर यह जानने का निर्णय लिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिन तक योजनाएं नहीं पहुंच पाई हैं, उन्हें भी जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शिक्षा ही है आदिवासी क्षेत्र का भविष्य : राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में कृषि की सीमाएं हैं, ऐसे में शिक्षा ही रोजगार का मुख्य माध्यम बन सकती है। उन्होंने आयुष्मान योजना, जनधन खाते, खाद्य सुरक्षा और सोलर सब्सिडी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उनके लाभ गिनाए।
नशा मुक्त और पोषणयुक्त समाज की अपील : बागड़े ने कुपोषण पर चिंता जताते हुए बच्चों में तीन साल का अंतर रखने और आंगनबाड़ी से पोषण सामग्री लेने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
राजीविका स्टॉल्स और चिकित्सा शिविर का अवलोकन : राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन कर उनकी सराहना की और अन्य महिलाओं को भी इससे प्रेरणा लेने को कहा। चिकित्सा शिविर का भी निरीक्षण किया गया।
बाल विवाह में जल्दबाजी न करें : राज्यपाल ने लाभार्थियों से बातचीत में कहा कि बेटियों की पढ़ाई पूरी होने तक शादी में जल्दी न करें। उन्होंने आरती पटेल से संवाद कर उसे प्रशासनिक सेवा में चयन तक शादी न करने की सलाह दी।
विरासत के संरक्षण की बात : कार्यक्रम में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि अब कोटड़ा में बिजली और सड़कों जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने वन क्षेत्र में विकास के नए उपाय खोजने की जरूरत पर जोर दिया।
हरयालो राजस्थान अभियान में भागीदारी : राज्यपाल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरयालो राजस्थान अभियान में भाग लिया और सभी से पेड़ों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने की अपील की।

बालिका ने पूछा, सफलता पाने के लिए क्या करें, राज्यपाल बोले—पढ़ाई पूरी करो
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने कोटड़ा प्रवास के दौरान गुरुवार को विवेकानंद मॉडल स्कूल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास का अवलोकन किया और छात्राओं से संवाद किया।
छात्राओं ने स्वागत गीत व आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान कक्षा 10वीं की रवीना खैर ने राज्यपाल से पूछा कि सफलता कैसे पाएं। इस पर राज्यपाल ने कहा, “जीवन को खुशहाल बनाने के लिए शिक्षा जरूरी है। पढ़ाई पूरी करो। जन्म के समय सभी की बौद्धिक क्षमता एक जैसी होती है, लेकिन वातावरण से अंतर आता है। घर में पढ़ने-लिखने का माहौल होना चाहिए। पाठ्यपुस्तकों के अलावा अन्य किताबें भी पढ़नी चाहिए।” उन्होंने सभी छात्राओं को चॉकलेट भेंट की।