रोडवेज ने बढ़ाया किराया, यात्रियों पर प्रति किमी 10 से 20 पैसे का बोझ

Share

6 अगस्त से लागू होंगी नई दरें, सभी बस श्रेणियों में किराया बढ़ा
उदयपुर। 5 अगस्त

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने बस यात्रा करने वाले यात्रियों पर किराए का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, 4 अगस्त से अधिसूचित मंजिली बसों के अधिकतम यात्री भाड़ा दरों में वृद्धि की गई है, जो 6 अगस्त की मध्यरात्रि से प्रभावी होंगी।
प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा के आदेशानुसार, साधारण बसों में किराया 85 पैसे प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 95 पैसे कर दिया गया है। सेमी डीलक्स/मेल बसों में 90 पैसे से बढ़ाकर ₹1, सेमी डीलक्स में 98 पैसे से बढ़ाकर ₹1.10, डीलक्स (नॉन एसी) में ₹1.10 से बढ़ाकर ₹1.25, वातानुकूलित बसों में ₹1.65 से बढ़ाकर ₹1.80 तथा वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों में ₹1.90 से बढ़ाकर ₹2.10 प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।
हालांकि, इन नई दरों के अलावा यात्रियों से पूर्व की भांति पृथक रूप से वसूले जाने वाले अधिभार जैसे दुर्घटना क्षतिपूर्ति, मानव संसाधन शुल्क, आईटी शुल्क एवं टोल टैक्स में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। अन्य सभी शर्तें पूर्व आदेश दिनांक 14 जून 2016 के अनुसार ही लागू रहेंगी।
इस किराया वृद्धि से यात्रियों को अपनी जेब पर अतिरिक्त बोझ महसूस होगा, खासतौर पर लंबे सफर करने वालों के लिए यह बदलाव महंगा साबित हो सकता है।