शादी के नाम पर 4 लाख की धोखाधड़ी, लुटेरी दुल्हन के दो साथी महाराष्ट्र से गिरफ्तार, एक पहले ही पकड़ा गया

Share

शादी के नाम पर 4 लाख की धोखाधड़ी: लुटेरी दुल्हन के दो साथी महाराष्ट्र से गिरफ्तार, एक पहले ही पकड़ा गया
उदयपुर, 26 जुलाई: डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना पुलिस ने शादी के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। इससे पहले एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस की नजर इस पूरे फर्जीवाड़े की मुख्य किरदार लुटेरी दुल्हन पर है, जो अभी भी फरार है।
क्या है मामला?
10 सितंबर 2024 को सीमलवाड़ा निवासी ज्योत्सना सोनी ने धंबोला थाने में शिकायत दी थी कि उसके भतीजे दीक्षित सोनी की शादी मनीषा उर्फ गौरी से करवाई गई थी। यह शादी दीक्षित के साढू संजय प्रजापत, आनंद जाधव, काजल राठौड़ और आकाश सुरसे की मिलीभगत से करवाई गई थी। इसके बदले इन लोगों ने ज्योत्सना से 4 लाख रुपए लिए थे।
शादी के कुछ ही दिन बाद मनीषा, दीक्षित को फिल्म दिखाने के बहाने गुजरात के गांधीनगर ले गई और वहां से मौका पाकर फरार हो गई।
संजय प्रजापत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अब आनंदराव जाधव और आकाश सुरसे को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस लुटेरी दुल्हन मनीषा उर्फ गौरी और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के पैटर्न का खुलासा हो सके। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अन्य मामलों में भी सक्रिय हो सकता है। धंबोला पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया जाएगा।