श्री सांवलियाजी मंदिर में 6 राउंड में हुई दान राशि की गिनती पूरी

Share

श्री सांवलियाजी मंदिर में 6 राउंड में हुई दान राशि की गिनती पूरी
28 करोड़ से ज्यादा नकद, 1 किलो से अधिक सोना और 204 किलो चांदी प्राप्त

उदयपुर: 31 जुलाई
श्री सांवलियाजी मंदिर के दानपात्र (भंडार) की गिनती गुरुवार को छठे और अंतिम राउंड के साथ पूरी हो गई। अंतिम राउंड में 20.85 लाख रुपए गिने गए। अब तक कुल 22 करोड़ 22 लाख 76 हजार 77 रुपए नकद गिनती में निकले हैं।
ऑनलाइन और मंदिर के भेंट कक्ष से प्राप्त 6 करोड़ 9 लाख 69 हजार 478 रुपए जोड़ने पर कुल नकद राशि 28 करोड़ 32 लाख 45 हजार 555 रुपए हो चुकी है।
भक्तों ने नकदी के साथ-साथ आभूषणों के रूप में भी बड़ी भेंट दी है। दानपात्र से 410 ग्राम सोना और 80 किलो 500 ग्राम चांदी, जबकि भेंट कक्ष से 1 किलो 33 ग्राम सोना और 124 किलो चांदी प्राप्त हुई। कुल मिलाकर मंदिर को 1 किलो 74 ग्राम सोना और 204 किलो 500 ग्राम चांदी भेंट में मिली है।
यह गिनती प्रक्रिया 23 जुलाई को चतुर्दशी पर मंदिर का भंडार खोलने के साथ शुरू हुई थी। पहले राउंड में 7.15 करोड़, दूसरे में 3.35 करोड़, तीसरे में 7.63 करोड़, चौथे में 3 करोड़ और पांचवें में 88.65 लाख रुपए गिने गए। गिनती का काम कुछ दिन भीड़ व अवकाश के चलते स्थगित रहा। पूरी प्रक्रिया बैंक स्टाफ, मंदिर मंडल व सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में काउंटिंग मशीनों और वीडियोग्राफी के साथ पूर्ण पारदर्शिता से संपन्न हुई। श्री सांवलियाजी मंदिर में भक्तों की गहरी आस्था है और दान का यह क्रम इसे संपूर्ण भारत में श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बनाता है।