शेष राशि व आभूषणों की गिनती 19 को
उदयपुर, 17 जनवरी: मेवाड़ अंचल के प्रमुख तीर्थ स्थल भगवान सांवलिया सेठ, मंडफिया के दरबार का विशाल भंडार शनिवार को चतुर्दशी के अवसर पर खोला गया। भंडार मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं मंदिर की मुख्य निष्पादन अधिकारी प्रभा गौतम की उपस्थिति में खोला गया।
मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि चतुर्दशी को खोले गए भंडार से अब तक 10 करोड़ 25 लाख रुपए नकद प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि भंडार से बची राशि की गणना अभी शेष है, वहीं सोने-चांदी के आभूषणों का तोल भी किया जाना बाकी है। इसके अलावा मंदिर कार्यालय में विभिन्न भक्तों द्वारा भेंट किए गए सोने-चांदी तथा नगद राशि की गिनती भी शेष है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार शेष राशि और आभूषणों की गिनती का दूसरा चरण 19 जनवरी को किया जाएगा। इस दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
भंडार खोलने और गिनती के दौरान मंदिर मंडल की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए समुचित इंतजाम किए गए। इस अवसर पर मंदिर बोर्ड सदस्य पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, किशनलाल अहीर, नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक, लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह, मंदिर एवं संपदा प्रभारी भेरू गिरि गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह राजपूत, वरिष्ठ सहायक कालूलाल तेली, बिहारीलाल गुर्जर सहित मंदिर के चयनित कर्मचारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।