महाविद्यालय शिलान्यास में प्रधान सहित 101 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

A 25 kg garland was put on the pilot using a crane

Share

udr gogunda college 140226-a
गोगुंदा, 14 फरवरी: उदयपुर जिले की सायरा पंचायत समिति क्षेत्र में शनिवार को महाविद्यालय भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के साथ आयोजित जनसभा में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। देवस्थान मादड़ी में आयोजित कार्यक्रम में गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती और देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली ने विधिवत भूमि पूजन कर महाविद्यालय भवन की आधारशिला रखी।
सभा के दौरान कांग्रेस समर्थित सायरा प्रधान सवाराम गमेती सहित क्षेत्र के कई सरपंचों और करीब 101 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी पदाधिकारियों ने मेवाड़ी पगड़ी, उपरणा और तिलक लगाकर सभी का स्वागत किया।
भानपुरा सरपंच रोडाराम गमेती, सामल सरपंच प्रकाश गमेती, सिंघाड़ा सरपंच फुलाराम गमेती, गायफल सरपंच वालाराम गमेती तथा कडेच के पूर्व सरपंच हंसा राम गमेती सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा। नव शामिल नेताओं ने प्रधानमंत्री की नीतियों और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर निर्णय लेने की बात कही।
सभा को संबोधित करते हुए सवाराम गमेती ने कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप लगाया। वहीं पुष्कर तेली ने विपक्ष पर अधिकारियों को धमकाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। विधायक प्रताप लाल गमेती ने क्षेत्र में महाविद्यालय, सायरा पंचायत समिति व तहसील कार्यालय, जीएसएस निर्माण, गोगुंदा में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और देवला में मॉडल विद्यालय जैसे कार्यों का उल्लेख किया।

पूर्व प्रधान के भाजपा में जाने से कांग्रेस को नुकसान नहीं: चदाणा
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोगुंदा (ए) के अध्यक्ष रामसिंह चदाणा ने कहा कि सायरा पंचायत समिति के पूर्व प्रधान सवाराम गमेती के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस ने कड़े संघर्ष में सवाराम को प्रधान बनाया था, लेकिन उनके कार्यकाल में पार्टी की अनदेखी हुई।
चदाणा ने आरोप लगाया कि सवाराम भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करते रहे तथा विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे। उन्होंने यह भी कहा कि उप प्रधान उपचुनाव में बहुमत के बावजूद कांग्रेस सदस्यों को मतदान से दूर रखा गया। चदाणा के अनुसार पंचायत समिति के बजट आवंटन में भी पक्षपात किया गया। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं के सामने सच्चाई उजागर हो चुकी है।