कार चलाते वकील का हेलमेट न पहनने पर कट गया चालान

Share

ई-चालान सिस्टम की गड़बड़ी आई सामने
उदयपुर, 3 फरवरी :
उदयपुर में ई-चालान सिस्टम की एक चौंकाने वाली गलती सामने आई, जब कार चला रहे एक वकील का हेलमेट नहीं पहनने पर 1000 रुपये का चालान कट गया। मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज आते ही वकील हैरान रह गए, क्योंकि वे टू-व्हीलर नहीं बल्कि कार चला रहे थे।
सुखेर निवासी वकील दीपक डांगी ने बताया कि 31 जनवरी को वे सूरजपोल से बिछड़ी गांव कार से जा रहे थे और सीट बेल्ट भी लगाए हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज आया, जिसमें कार नंबर RJ27CM7190 के लिए हेलमेट नहीं पहनने का उल्लंघन दर्शाया गया। बाद में जब उन्होंने चालान का लिंक खोला तो उसमें वाहन को कार की जगह बाइक और मालिक का नाम भी बदला हुआ मिला।
ट्रैफिक पुलिस ने मानी तकनीकी चूक
मामले पर ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना ने बताया कि कैमरे मशीन केवल नंबर प्लेट रीड करती है। इस केस में बिना हेलमेट बाइक सवार के पीछे कार की नंबर प्लेट साफ दिखने से सिस्टम ने गलत रीडिंग कर ली। प्रोसेस के दौरान गलती पकड़ में आते ही ई-चालान को दुरुस्त कर बाइक सवार को भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि ई-चालान में गलती होने पर 15 दिन के भीतर शिकायत कर सुधार का प्रावधान है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कोटा सहित अन्य जिलों में ऐसे गलत ई-चालान के मामले सामने आ चुके हैं।