लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
कोचिंग के दौरान हुआ था किशोरी से परिचय
बांसवाड़ा, 28 सितम्बर (उदयपुर डेस्क): बांसवाड़ा शहर के अंबामाता मंदिर परिसर में नवरात्र के अन्तर्गत चल रहे गरबा कार्यक्रम में एक समुदाय विशेष का नाबालिग एक किशोरी का पीछा कर प्रांगण में घुस गया। कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया तो पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि नाबालिग का कोचिंग के दौरान किशोरी से परिचय हुआ था।
गरबा प्रांगण में घुसने के बाद आरोपी नाबालिग ने मौका पाकर किशोरी का मोबाइल, हेयर क्लिप और दुपहिया वाहन की चाबी छीन ली और साथ में चलने को कहा। मना करने पर वह उससे उलझने लगा। यह देख परिसर में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ा। मंदिर प्रांगण से बाहर लाकर उससे पूछताछ की।
छद्म नाम बताया
लोगों की पूछताछ में उसने पहले अपना छद्म नाम आरव त्रिवेदी बताया। पुलिस को सौंपने का दबाव बनाने पर उसने अपना असल नाम बताया। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। इधर, घटनाक्रम की जानकारी के बाद किशोरी की मां ने पुलिस को रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि आरोपी नाबालिग से कोचिंग के समय से उसकी पुत्री का परिचय हुआ था। उससे मित्रता कर मोबाइल नंबर पर आपत्तिजनक सामग्री जुटाकर ब्लैकमेल भी करने लगा।
पुलिस पर लगाए आरोप
इधर, जानकारी मिलने पर हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता राजतालाब थाने पर पहुंचे। यहां पीड़िता की मां और कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर दोनों पक्षों में समझौता कराने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि छद्म नाम बताकर परिचय करने और मंदिर परिसर में घुस आने पर सख्ती के बजाय पुलिस पीड़िता पक्ष पर दबाव बना रही है। हालांकि थानाधिकारी देवीलाल ने कहा कि नाबालिग को पकड़ने के बाद काफी प्रयास करने पर किशोरी की मां थाने पर आई। कुछ लोग उसे उकसा रहे थे, इस कारण टोकना पड़ा। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना भी कराया है। मामले में जांच की जा रही है।
यह बोले उपाधीक्षक
मामले में पुलिस उप अधीक्षक गोपीचंद मीणा ने कहा कि एक लड़का एक लड़की का पीछा करते हुए गरबा परिसर में आ गया था। परिजनों और लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। परिजनों ने नाबालिग पर जबरन फोन पर संपर्क करने संबंधी रिपोर्ट दी। परिजनों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया है। गरबा पांडालों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर रखी है। गलत हरकत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।