राजसमंद में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड

Share

गर्भवती महिला व डेढ़ साल के मासूम की गला घोंटकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में
राजसमंद, 19 फरवरी:
राजसमंद जिले के भीम उपखंड क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड सामने आया है। कुशलपुरा ग्राम पंचायत के चाक हीरात गांव की 8 माह की गर्भवती महिला प्रियंका देवी और उसके डेढ़ साल के मासूम बेटे आर्यन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के शव को पत्थर से बांधकर भीम तालाब में फेंक दिया गया, जबकि बच्चे का शव जंगल में डाल दिया गया, जिसकी तलाश जारी है।
11 फरवरी से लापता थी महिला: मृतका के पति हरिसिंह रावत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 फरवरी की रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी प्रियंका देवी अपने बेटे आर्यन को साथ लेकर बिना बताए घर से चली गई थी। अगले दिन 12 फरवरी को भीम थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।
जेवरात व नकदी भी गायब
परिजनों ने जब घर की जांच की तो प्रियंका, उसकी सास प्यारी देवी और जेठानी पुष्पा देवी के सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 20 हजार रुपए नकद भी गायब मिले। इसके बाद पुलिस व परिवार ने आसपास व रिश्तेदारी में तलाश शुरू की।
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली साजिश
जांच के दौरान गोविन्द सिंह रावत निवासी कानोतो की वैर (टॉडगढ़ थाना क्षेत्र) पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसकी प्रियंका से दोस्ती थी। उसने 11 फरवरी की रात प्रियंका को व्हाट्सएप कॉल कर जेवरात लेकर बुलाया। गोविन्द सिंह और उसका दोस्त राहुल सिंह दोनों प्रियंका और बच्चे को कार में बैठाकर दर्रा के जंगल ले गए, जहां दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी।
शव तालाब में फेंका, बच्चे की तलाश जारी
आरोपियों ने महिला के शव को भीम तालाब में पत्थर बांधकर डाल दिया, जिसे गुरुवार सुबह रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला। मासूम आर्यन का शव जंगल में फेंका गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस व सिविल डिफेंस की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
भारी पुलिस बल तैनात, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक सहित भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में रोष फैल गया है और ग्रामीण दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।