जंगल में बकरियां चरा रहे युवक पर पैंथर परिवार का हमला

Share

गंभीर घायल युवक को जिला अस्पताल उदयपुर रेफर, इलाके में दहशत
गोगुंदा, 11 मार्च :
क्षेत्र की मोडी ग्राम पंचायत के कांकण का गुड़ा गांव के समीप लाम क्षेत्र में बुधवार शाम जंगल में बकरियां चरा रहे एक युवक पर पैंथरों के परिवार ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कांकण का गुड़ा निवासी लोगर लाल पुत्र भैरा गमेती जंगल में बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान नर, मादा और शावक सहित पैंथरों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे पैंथर जंगल की ओर भाग गए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। उपसरपंच प्रहलाद सिंह झाला ने वन विभाग को सूचना दी है। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर पैंथरों को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पैंथर और उनके शावकों की आवाजाही बनी हुई है।