सिटी स्टेशन के बाहर युवक पर हमला, बोले—अब उदयपुर नहीं आऊंगा

A 25 kg garland was put on the pilot using a crane

Share

उदयपुर, 10 फरवरी: उदयपुर सिटी स्टेशन के बाहर सोमवार रात सीकर के युवक पर लूट की नीयत से बदमाशों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक किसी तरह भागकर लुटने से बच गया।
पीड़ित लोकेश ने बताया कि वह सिटी स्टेशन के सामने नटराज लॉज के पास पुल के नीचे खड़ा था। तभी कुछ युवक उसके पास आए और मोबाइल मांगने लगे। मना करने पर बदमाशों ने पत्थर से उसके चेहरे पर वार कर दिया। हमले में उसका होंठ फट गया और दो दांत टूट गए, जिससे काफी खून बहने लगा।
लोकेश ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन करीब आधे घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे वह बेहद आहत हुआ। बाद में राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस आई और उसे अस्पताल ले जाया गया।
लोकेश ने कहा कि वह काम से उदयपुर आया था और शहर की अच्छी छवि के बारे में सुना था, लेकिन इस घटना और पुलिस की देरी से वह निराश है। उसने कहा कि अब वह दोबारा कभी उदयपुर नहीं आएगा। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।