डीजे के बकाया रुपए मांगने पर युवक की कुचलकर हत्या

Share

पिकअप चढ़ाकर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार
बांसवाड़ा, 2 फरवरी :
बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में बकाया रुपए के विवाद ने रविवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। डीजे सिस्टम और पिकअप के बकाया करीब चार लाख रुपए मांगने पहुंचे युवक को आरोपी ने पिकअप से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान प्रवीण (28) पुत्र होमा निनामा, निवासी केसरपुरा के रूप में हुई है। आरोप है कि गनाऊं गांव निवासी हरीश निनामा ने जानबूझकर पिकअप दौड़ाकर प्रवीण की हत्या की। फिलहाल मामले में किसी की ओर से लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है।
पुराना लेनदेन बना मौत की वजह
मृतक के भाई प्रकाश ने बताया कि करीब तीन साल पहले प्रवीण ने अपने ससुराल क्षेत्र के हरीश निनामा को डीजे का सामान पिकअप सहित 5.5 लाख रुपए में बेचा था। उस समय आरोपी ने केवल 1.5 लाख रुपए दिए थे, जबकि चार लाख रुपए बकाया थे।
पिकअप दौड़ाकर कुचला
रविवार को सामाजिक कार्यक्रम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। बकाया मांगने पर विवाद बढ़ा। प्रवीण जब डीजे का सामान उतारने पिकअप पर चढ़ा, तभी आरोपी ने वाहन तेज रफ्तार में दौड़ाया। प्रवीण गिर पड़ा और उसके ऊपर से पिकअप का टायर चढ़ा दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच जारी है।