राजसमंद, 8 फरवरी: लंबे इंतजार के बाद राजसमंद जिले में कांग्रेस संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के करीबी आदित्य प्रताप सिंह को राजसमंद जिला कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी के.सी. वेणुगोपाल द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं आदित्य प्रताप सिंह
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह मूल रूप से रेलमगरा कस्बे के निवासी हैं। वे पिछले कई वर्षों से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। इससे पूर्व वे जिला कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर रहते हुए पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने में योगदान दे चुके हैं।
आदित्य प्रताप सिंह ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़ने का कार्य किया है। पार्टी के भीतर उन्हें एक सक्रिय और मजबूत संगठनकर्ता के रूप में देखा जाता है।
जिला अध्यक्ष पद को लेकर काफी समय से राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं। कार्यकर्ताओं में भी नए अध्यक्ष की घोषणा को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। इससे पहले हरि सिंह राठौड़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि आदित्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में राजसमंद जिले में संगठन को नई दिशा मिलेगी और आगामी चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी।