आगराकैंट–असारवा होली स्पेशल ट्रेन सप्ताह में पांच दिन चलेगी

Share

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
उदयपुर, 10 फरवरी:
होली के त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष तैयारी की है। बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाने अपने घर लौटते हैं और फिर वापस कार्यस्थल जाने के लिए रेल यात्रा करते हैं। इसी अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है।
इसी क्रम में आगराकैंट–असारवा–आगराकैंट होली स्पेशल ट्रेन को सप्ताह में पांच दिन संचालित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में सुविधा होगी और यात्रा अधिक सुगम बन सकेगी।
1 मार्च से 29 मार्च तक चलेगी ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह विशेष ट्रेन 1 मार्च से 29 मार्च तक चलेगी। आगराकैंट से असारवा जाने वाली ट्रेन बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शाम 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:10 बजे असारवा पहुंचेगी।
वापसी में असारवा से आगराकैंट जाने वाली ट्रेन 2 मार्च से 30 मार्च तक हर सोमवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को दोपहर 2:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:45 बजे आगराकैंट पहुंचेगी। कुल 21-21 ट्रिप करवाई जाएंगी।
कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव, 23 कोच लगाए गए
यह ट्रेन फतेहपुर सीकरी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, राणाप्रतापनगर, उदयपुर सिटी, डूंगरपुर, शामलाजी रोड और हिम्मतनगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में कुल 23 डिब्बे होंगे, जिनमें थर्ड एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।
उदयपुर—चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों के यात्रियों को फायदा
इस स्पेशल ट्रेन से चित्तौड़गढ़ जिले के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। चंदेरिया और मांडलगढ़ स्टेशन मार्ग में शामिल होने से क्षेत्र के लोग आसानी से आगरा, उदयपुर और गुजरात के अन्य हिस्सों तक यात्रा कर सकेंगे। होली के समय प्रवासी यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।