शिलांग, 5 फरवरी: मेघालय के ईस्ट जैंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए जोरदार धमाके से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के खदान में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
राज्य की पुलिस महानिदेशक आई. नोंग्रांग के अनुसार अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं। धमाके के वक्त खदान में कितने मजदूर मौजूद थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। राहत एवं बचाव दल लगातार खोज अभियान में जुटे हैं।
एक घायल शिलांग रेफर
ईस्ट जैंतिया हिल्स के एसपी विकास कुमार ने बताया कि एक घायल को पहले सुतंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया।
धमाके के कारणों की जांच
पुलिस के मुताबिक विस्फोट कोयला खनन के दौरान हुआ और खदान अवैध रूप से संचालित थी। मामले की जांच जारी है।
पीएम राहत की घोषणा
प्रधानमंत्री कार्यालय ने हादसे पर दुख जताते हुए पीएम नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।
रैट-होल माइनिंग पर प्रतिबंध
गौरतलब है कि रैट-होल माइनिंग में बेहद संकरी सुरंगों से कोयला निकाला जाता है। एनजीटी ने 2014 में इस अवैज्ञानिक खनन पद्धति पर रोक लगाई थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा है।