अनन्ता अस्पताल की बड़ी उपलब्धि, 570 ग्राम नवजात को नई जिंदगी

Share

140 दिनों के इलाज के बाद 1400 ग्राम वजन के साथ मां को सौंपा बच्चा
राजसमंद, 11 फरवरी :
राजसमंद के अनन्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाल एवं शिशु रोग विभाग के चिकित्सकों की अथक मेहनत और समर्पण रंग लाया। उदयपुर संभाग के सबसे कम वजनी नवजात शिशु (570 ग्राम) का करीब 140 दिनों तक इलाज कर उसे स्वस्थ अवस्था में 1400 ग्राम वजन के साथ मां को सौंप दिया गया।
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि 23 सितंबर 2025 को इमरजेंसी विभाग में 25 सप्ताह में जन्मे अत्यंत कम वजन वाले नवजात को लाया गया। नवजात विशेषज्ञ डॉ. प्रणय त्रिवेदी और शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु आडवाणी ने तुरंत बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट दिया।
इलाज के दौरान बच्चे को संक्रमण से बचाने हेतु एंटीबायोटिक, ऑक्सीजन सपोर्ट, आंखों की आरओपी समस्या के लिए दवा तथा एनीमिया के कारण कई बार रक्त चढ़ाया गया। बच्चे की कमजोर हड्डियों और बीपीडी बीमारी का भी उपचार किया गया।
लगातार निगरानी और देखभाल में डॉ. भावना वैष्णव, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रसून भट्टाचार्य एवं पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चिकित्सकों के अनुसार संभाग में यह पहला मामला है, जिसमें इतना कम वजनी बच्चा इतने लंबे समय तक भर्ती रहकर स्वस्थ हुआ है।