बारातियों से भरी बस पलटने से एक और मौत, मृतकों की संख्या चार हुई

Share

बांसवाड़ा, 7 फरवरी: कलिंजरा थाना क्षेत्र के घोटिया आंबा इलाके में शुक्रवार शाम बारातियों से भरी निजी बस पलटने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। देर रात जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे में 15 बच्चों सहित कुल 44 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 24 महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के संदलई गांव से चिमनलाल पुत्र वारजी डोडियार की बारात दो बसों में वडलीपाड़ा गांव गई थी। विवाह समारोह के बाद दूल्हा-दुल्हन कार से रवाना हो गए, जबकि बाराती बसों से लौट रहे थे।
वापसी के दौरान घोटिया आंबा घाटी उतरते समय पीछे चल रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में कमला पत्नी हकरू, दलू पुत्र भूरा, टीटा पुत्र जोखा और लक्ष्मी शामिल हैं। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
घायलों से मिलने प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी अस्पताल पहुंचे और मरीजों की कुशलक्षेम जानी। इस दौरान पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, पूर्व संसदीय सचिव भीमाभाई, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी सहित अन्य मौजूद रहे। बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने भी सोशल मीडिया पर हादसे पर दुख जताया।