ड्यूटी से घर लौटते समय रास्ता रोककर मारपीट और लूट; आरोपी डिटेन
बांसवाड़ा, 19 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): दानपुर थाना क्षेत्र के घोड़ी तेजपुर गांव में सोमवार शाम एक बीएलओ पर सरिये से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने और लूट का मामला सामने आया है। हमले में बीएलओ के सिर में 7 टांके आए हैं। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है और मामले में पूछताछ जारी है।
दानपुर थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि आजाद नगर निवासी मानसिंह (35) पुत्र मकनलाल मईड़ा, जो बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, वे कुंडल गांव से एसआईआर ड्यूटी पूरी कर सोमवार शाम कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़ी तेजपुर में स्थानीय निवासी संजय पुत्र शंभू मईड़ा ने उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुराने झगड़े की रंजिश के चलते मारपीट करना स्वीकार किया है।
वहीं, घायल बीएलओ मानसिंह ने बताया कि संजय मईड़ा ने उन्हें रोककर एक हजार रुपए की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उसने सरिए से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद आरोपी ने उनकी जेब से 700 रुपए भी निकाल लिए। गंभीर चोट लगने पर मानसिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में सात टांके आए। पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है।