पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी भारतीय आदिवासी पार्टी

Share

बांसवाड़ा, 19 फरवरी : भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट घोषणा की है कि बीएपी पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी। इस ऐलान के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला।
यह घोषणा बांसवाड़ा में आयोजित आमसभा एवं मिलन समारोह के दौरान की गई। कार्यक्रम में सांसद राजकुमार रोत, बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल सहित जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा में पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपा। इसमें सतसेरा क्षेत्र में राजकीय कॉलेज खोलने, लाइब्रेरी सुविधा शुरू करने तथा बस परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग प्रमुख रही। ग्रामीणों ने सतसेरा से बांसवाड़ा और कुशलगढ़ से अहमदाबाद तक नियमित बस सेवा प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई।
सभा में सांसद राजकुमार रोत ने हिम्मतगढ़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में चार नए कक्षों के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम से पूर्व भीलकुआं चौराहे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ सांसद राजकुमार रोत का भव्य स्वागत किया। ब्लॉक अध्यक्ष सोहनलाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर जोश के साथ समर्थन जताया। पार्टी पदाधिकारियों ने दोहराया कि बीएपी अपने संगठन और जनाधार के बल पर पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी। संचालन विनोद बारिया ने किया।