बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर बम हमला

Share

6 बोगियां पटरी से उतरी, 12 घायल
इस्लामाबाद, 24 सितम्बर:
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर बम धमाके में 12 लोग घायल हो गए। हमला मस्तुंग जिले के स्पिजेंड इलाके में उस समय हुआ जब क्वेटा जा रही ट्रेन इस मार्ग से गुजर रही थी।
ट्रेन में लगभग 270 यात्री सवार थे। धमाके के कारण छह बोगियां पटरी से उतर गईं, जबकि एक बोगी पलट गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह इलाके में 10 घंटे के भीतर दूसरा धमाका था। पहले सुबह पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस क्वेटा से निकलने के बाद ट्रैक के पास एक और बम धमाका हुआ था।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि दूसरा धमाका रेलवे ट्रैक पर लगाए गए IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हुआ। पलटी हुई बोगी में पांच यात्री घायल हुए, जबकि बाकी चोटें पास की बोगियों के पटरी से उतरने से आईं।
रेस्क्यू टीमें और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अगर ट्रेन पूरी रफ्तार से चल रही होती तो हादसा और बड़ा हो सकता था। सोशल मीडिया पर ट्रेन पलटी हुई बोगियों का वीडियो वायरल है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। अभी तक किसी विद्रोही संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।