कई शहरों में बम की धमकियों से हड़कंप

Share

पासपोर्ट कार्यालय, पोस्ट ऑफिस और बैंक को मिले धमकी भरे ईमेल; सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
उदयपुर, 10 मार्च:
राजस्थान के कई शहरों में मंगलवार को सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ में पासपोर्ट सेवा केंद्र, पोस्ट ऑफिस और बैंक को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियों और बम निरोधक दस्तों ने मौके पर पहुंचकर भवनों को खाली कराया और सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि सभी जगह जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन पूरे मामले की साइबर स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है और साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
उदयपुर: पासपोर्ट सेवा केंद्र को धमकी, मॉल कराया खाली
उदयपुर के लेकसिटी मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और भूपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मॉल को खाली कराकर डॉग स्क्वायड की मदद से करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद मॉल को दोबारा खोल दिया गया।
प्रतापगढ़: पोस्ट ऑफिस खाली कराकर जांच


प्रतापगढ़ के कृषि मंडी रोड स्थित पोस्ट ऑफिस को दोपहर 12:30 बजे ईमेल के जरिए धमकी मिली। सूचना पर एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और सीआई शंभू सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास की दुकानों को बंद करवा कर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और बम निरोधक टीम ने परिसर की जांच की। जिला कलेक्टर अंजलि राजोरिया भी लगातार अधिकारियों से संपर्क में रहीं।
बांसवाड़ा: बैंक और पासपोर्ट कार्यालय को धमकी


बांसवाड़ा में एक ही दिन में दो संस्थानों को धमकी भरे ईमेल मिले। सुबह पासपोर्ट कार्यालय और दोपहर में एसबीआई की मोहन कॉलोनी शाखा को बम लगाने की चेतावनी दी गई। मेल कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से भेजा गया बताया गया। पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने बैंक परिसर, एटीएम और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
डूंगरपुर: मुख्य डाकघर में सर्च अभियान


डूंगरपुर शहर के मुख्य डाकघर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया। एसडीएम सोनू गुर्जर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
चित्तौड़गढ़: पासपोर्ट ऑफिस और डाकघर खाली



चित्तौड़गढ़ में पासपोर्ट कार्यालय को धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल भवन खाली कराया। मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई। पासपोर्ट ऑफिस के साथ लगे मुख्य डाकघर को भी एहतियातन खाली करवाया गया।